बरकट्ठा थाना क्षेत्र के कपका गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान सीताराम मंडल एवं उनकी पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है।
इस संबंध में घायल सीताराम मंडल ने बरकट्ठा थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ अपने जमीन पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही प्रकाश महतो, प्रेम दीप मंडल, पंकज मंडल, कलीय देवी तथा प्रेम दीप की पत्नी वहां पहुंच गए और जमीन पर काम करने को लेकर आपत्ति जताने लगे।
विवाद के दौरान सभी ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इसी बीच प्रकाश महतो ने टांगी से सीताराम मंडल के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। जब पत्नी बबीता देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन्हें भी टांगी से मारकर घायल कर दिया गया।
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि हमले के दौरान प्रेम दीप मंडल ने बबीता देवी के गले से सोने की चेन छीन ली।
घटना की सूचना मिलते ही बरकट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



