धीरप हाडा, आगर मालवा। नर्मदापुरम में खुशी वेलफेयर फाउंडेशन के आयोजक नीलेश मालवीय द्वारा आयोजित ‘नमामि देवी मां नर्मदे सम्मान समारोह-2026’ का भव्य आयोजन 29 सितंबर को श्रीकुंज गार्डन, नर्मदापुरम में हुआ। समारोह में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मेकअप आर्टिस्ट, ब्यूटीशियन, फैशन डिजाइनर, फोटोग्राफर और इंफ्लुएंसर्स ने सहभागिता की।

समारोह में नलखेड़ा की मां बगलामुखी की पावन नगरी से निकलकर फैशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहे मॉडल मनीष चौबे को उनकी प्रतिभा और कार्य के लिए फैशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नैतिक के किरदार से पहचान बनाने वाले अभिनेता करण मेहरा ने सम्मानित किया।
मां बगलामुखी की तस्वीर भेंट
सम्मान समारोह के दौरान मनीष चौबे की ओर से अभिनेता करण मेहरा को मां बगलामुखी की तस्वीर भी भेंट की गई। इस अवसर पर करण मेहरा ने मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र से आए ब्यूटी और फैशन इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतिभाओं को मंच देना फाउंडेशन का उद्देश्य
कार्यक्रम के आयोजक नीलेश मालवीय ने बताया कि खुशी वेलफेयर फाउंडेशन का उद्देश्य अपने हुनर और मेहनत के दम पर आगे बढ़ रहे लोगों को प्रोत्साहित करना, आत्मनिर्भर बनाना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना है। फाउंडेशन द्वारा ब्यूटी, फैशन, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान एवं नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कई विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद
समारोह में मिस इंडिया निमिषा सक्सेना, वर्षा शर्मा, राखी तिवारी, रोशनी धुर्वे, मिथिलेश मलानी, पूजा चौधरी, राधिका मालवीय और संगीता मालवीय सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खुशी वेलफेयर फाउंडेशन की पूरी टीम एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने अतिथियों और प्रतिभागियों के स्वागत, व्यवस्थाओं तथा आयोजन के संचालन में सहयोग किया।
फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि आगामी समय में भी महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, रोजगार, ब्यूटी एवं फैशन इंडस्ट्री और हुनरमंद प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


