बरही। भंडारो पंचायत के बैरीसाल गांव के बुजुर्ग ग्रामीण रामचंदर पासवान (उम्र 60 वर्ष) बुधवार (1 अक्टूबर) की दोपहर से लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि वे बराकर नदी में डूब गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रामचंदर पासवान रोज़ की तरह दोपहर लगभग 2 बजे अपने मवेशियों को चराने जोराही घाट की ओर गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि वे अक्सर नदी पार कर दूसरी ओर भी मवेशी चराते थे। घटना वाले दिन भी उन्हें ऐसा करते देखा गया था। लेकिन करीब 4 बजे के बाद से वे न तो नदी किनारे और न ही गांव में दिखाई दिए।परिजनों और ग्रामीणों की खोजबीन विफल रहने पर नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसकी सूचना तिलैया डैम प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद एहतियातन फाटक बंद कराया गया। हालांकि बारिश के चलते बाद में उसे फिर से खोलना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू कराया। देर रात तक भी कोई सुराग नहीं मिल सका। ग्राम पंचायत मुखिया सकलदेव यादव ने बताया कि रामचंदर पासवान अपने घर में बहू के साथ रहते थे। परिजन, ग्रामीण और स्थानीय प्रशासन लगातार खोजबीन में लगे हुए हैं।



