बरही (प्रभात वाणी)। बरही प्रखंड के धनवार पंचायत भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने की। कार्यक्रम की शुरुआत गांधीजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई।ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने गांधीजी के आदर्शों पर चलने और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन संपूर्ण विश्व के लिए प्रेरणा है। सत्य और अहिंसा के उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की असली नींव है, जिसके माध्यम से गांव के विकास की राह तय होती है।
सभा में विलेज एक्शन प्लान पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि पंचायत के सभी गांवों को वर्ष 2030 तक विकसित गांव बनाने के लक्ष्य के साथ योजनाओं को लागू किया जाएगा। कार्यवाही की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ग्राम सभा की जानकारी पोर्टल पर भी अपलोड की गई। इस अवसर पर प्रकाश साव, रोजगार सेवक सामंत कुमार, सबदर अली, संतोष सिंह, दिनेश यादव, ब्रह्मदेव यादव, मो. नशीम, उमेश यादव, भोला रविदास, सुधीर कुमार, राजेन्द्र रविदास, नीतू कुमारी, फरहद खातून, साजिया प्रवीण, राखी देवी समेत ग्रामीण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



