सूर्य मंदिर कमिटी अध्यक्ष राजसिंह चौहान और मुखिया शमशेर आलम ने की भव्य तैयारी
बरही (प्रभात वाणी)। आस्था का महापर्व छठ आगामी 25 अक्टूबर से नहाय- खाय से प्रारंभ होगी। बरहीडीह सूर्य मंदिर कमिटी ने इसकी तैयारी पूर्ण कर चुकी है। अब बरही का प्राचीन सूर्य मंदिर छठ घाट पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। घाट परिसर को आकर्षक ढंग से साफ-सुथरा किया गया है और चारों ओर आधुनिक लाइट-बत्तियों से सजावट की गई है, जिससे पूरा घाट जगमगा रहा है। छठव्रतियों की सुविधा के लिए सूर्य मंदिर कमिटी ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। पूजा के दौरान सामूहिक अर्घ्य देने और एक साथ मंत्रोच्चारण की सुविधा के लिए लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। इससे श्रद्धालु एक साथ पूजा-अर्चना कर सकेंगे। बरही पश्चिमी पंचायत के मुखिया शमशेर आलम ने कहा कि घाट की सफाई और सजावट में सूर्य मंदिर कमिटी का योगदान सराहनीय है। उन्होंने बताया कि छठव्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सूर्य मंदिर कमिटी के अध्यक्ष राज सिंह चौहान ने बताया कि छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट की रोशनी, सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ एक पूजा स्थल नहीं, बल्कि आस्था और एकता का प्रतीक है, जिसे पूरे बरहीवासियों ने मिलकर सजाया है। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।




