प्रभात वाणी।
बरही विधानसभा के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उमाशंकर अकेला यादव के चौपारण स्थित आवास परिसर में अमर शहीद भगत सिंह की जयंती और उनके पौत्र भगत सिंह (कुमार भगत सिंह) का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही चौपारण, बरही, पदमा, चंदवारा और हजारीबाग क्षेत्र से लोगों का आगमन शुरू हो गया था। पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला स्वयं द्वार पर खड़े होकर अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते नजर आए। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुआ। पूर्व विधायक और उनके पौत्र ने मिलकर शहीद भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद केक काटकर पौत्र भगत सिंह का जन्मोत्सव मनाया गया।इस अवसर पर पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा “अमर शहीद भगत सिंह हमारे देश की आजादी के सबसे प्रेरणास्रोत क्रांतिकारियों में से एक थे। उनका जीवन युवाओं के लिए साहस, समर्पण और देशप्रेम का प्रतीक है। हमें उनके विचारों को अपनाने और समाजहित में कार्य करने की आवश्यकता है।”उन्होंने आगे कहा कि आज उनके लिए दोहरी खुशी का अवसर है “एक ओर देश के महान क्रांतिकारी की जयंती, और दूसरी ओर मेरे पौत्र भगत सिंह का जन्मदिन। मुझे गर्व है कि मेरा पोता उस वीर के नाम को धारण करता है, जिसने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर “इंकलाब ज़िंदाबाद” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। देशभक्ति गीतों से माहौल रोमांचित रहा। कार्यक्रम के बाद सभी अतिथियों को भोजन प्रसाद कराया गया।इस मौके पर पूर्व विधायक योगेन्द्र बैठा, जिला परिषद सदस्य रविशंकर अकेला, 20 सूत्री अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, प्रीति गुप्ता, उषा देवी, गुलाबी यादव, रेवाली पासवान, भुवनेश्वर यादव, रामफल सिंह, महेश केशरी, अभिमन्यु भगत, मंटु यादव, विक्रम सिंह, अजय यादव, संजय यादव, अम्बिका सिंह, गणेश यादव सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा नेता, समाजसेवी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “शहीदों अमर रहें” के जयघोष के साथ हुआ, जिसने पूरे चौपारण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।



