धीरप हाडा,आगर मालवा बड़ौद में सोमवार को दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद मामला अब राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है। मंगलवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस पार्षद फिरोज खान को झूठा फंसाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस का पक्ष
प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि फिरोज खान उर्फ राजा, जो कांग्रेस से पार्षद हैं, दिनांक 09 फरवरी 2026 को कसाई मोहल्ला, बड़ौद में हुई घटना के समय अपने घर पर ही मौजूद थे।
इसके बाद वे महावीर स्कूल बच्चों को छोड़ने गए और वहां से सीधे अपने निवास पर लौट आए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्षद फिरोज खान का घटना से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
राजनीतिक रंजिश का आरोप
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रंजिश के चलते कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर फिरोज खान का नाम इस प्रकरण में जोड़ा गया है।
अपने पक्ष को मजबूत करने के लिए प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को सीसीटीवी वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं, जिनमें घटना के समय पार्षद की मौजूदगी अन्य स्थान पर होना बताया गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता का बयान
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता गुड्डू लाला ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे मौजूद
इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता गुड्डू लाला, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंसी पाटीदार, कांग्रेस नेता देवकरण गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस बीजानगरी अध्यक्ष महेंद्र सिंह, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस आगर अध्यक्ष अमित अजमेर, सरपंच बहादुर सिंह दायमा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रईस खान, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष बंटी फारुकी, पार्षद युसूफ बोहरा, पार्षद जहीदुल्लाह एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष बड़ौद इरशाद सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
पुलिस का पक्ष
एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया है।


