हाइलाइट्स
- ट्रोल-डीजल किल्लत की अफवाह से देर रात पंपों पर भीड़
- लोग ड्रम और केन लेकर ईंधन भरवाने पहुंचे
- कई स्थानों पर लंबी कतारें और अफरा-तफरी का माहौल
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और व्यवस्था बहाल कराई
Petrol Diesel Crisis : आगर मालवा। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह फैलने के बाद मंगलवार देर रात हालात बिगड़ गए। अफवाह के चलते लोगों में घबराहट बढ़ी और कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ जमा हो गई।
जैसे ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबर फैली, लोग देर रात ही अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे। इस दौरान कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब लोग अपने वाहनों के साथ-साथ ड्रम और केन लेकर भी पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे। इससे पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हालात नियंत्रण से बाहर दिखाई देने लगे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ड्रम और केनों में ईंधन भरवाने की कोशिश कर रहे लोगों को हटाया और व्यवस्था बहाल कराई। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया कि अफवाह के कारण अचानक भीड़ बढ़ गई थी, जिसे पुलिस ने समय रहते नियंत्रित कर लिया। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। लोगों से शांति बनाए रखने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।


