बसरिया में सास की संदिग्ध मौत, बहु पर जहर खिलाकर और गला दबाकर हत्या का आरोप
प्रभात वाणी ।
बरकट्ठा। थाना क्षेत्र के बसरिया गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपनी सास को जहर खिलाकर व गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है।
इस संबंध में मृतका की बड़ी बहू मांगती देवी, पति गोवर्धन प्रसाद ने बरकट्ठा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी सास जसवा देवी (70 वर्ष), पति स्व. कैलाश महतो, रोज की तरह मंगलवार की रात भोजन कर सो गई थीं। इसी दौरान छोटी गोतनी चमेली देवी, उसके पति झगर प्रसाद, पुत्र राहुल कुमार और पुत्री ललिता कुमारी ने मिलकर उन्हें जबरन जहर खिलाया और गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया।
मांगती देवी ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद तीनों आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए शव का जल्द दाह संस्कार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण ऐसा नहीं हो सका।
उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी चमेली देवी पहले से ही अपराधिक प्रवृत्ति की महिला है और उसने पहले भी सास के साथ कई बार मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। मृतका के नाम पर दर्ज पैतृक संपत्ति का एक हिस्सा पहले ही अपने नाम रजिस्ट्री करवा चुकी थी, और बाकी संपत्ति पर भी केवाला करने का दबाव बना रही थी।
घटना की सूचना पर बरकट्ठा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।




