बरहीडीह सूर्य मंदिर, रसोइया धमना और लश्करी घाटों पर हुई तैयारियों की समीक्षा
बरही (प्रभात वाणी): चार दिवसीय छठ महापर्व करीब आते ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को बरही एसडीओ जोहन टुडू, एसडीपीओ अजित कुमार विमल एवं पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बरही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों बरहीडीह, सूर्य मंदिर, रसोइया धमना और लश्करी का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए किए जा रहे इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। एसडीओ व डीएसपी ने उपस्थित छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, जनरेटर लाइट, बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया। एसडीपीओ अजित कुमार विमल ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस सतर्क रहेगी और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष राजसिंह चौहान, मुखिया शमशेर आलम, भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवान केशरी, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश ठाकुर, राजकुमार केशरी, रसोईया धमना मुखिया गोविंद साव, प्रो. बद्री साहू, पंचायत समिति सदस्य जीतू ठाकुर, नागेश्वर सिंह, पंसस विकास सिंह, भोली पासवान, राजवंशी सिंह, सोनू मालाकार, प्रवीण सिंह, देवेंद्र प्रजापति, मुकेश सिंह, बिक्की सिंह, केशव केशरी, पिंटू ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे।



