कहा- छठ महापर्व लोक आस्था का सबसे बड़ा पर्व, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा जाएगा पूरा ध्यान
बरही (प्रभात वाणी)। बुधवार को सांसद मनीष जयसवाल ने बरहीडीह स्थित प्राचीन छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। सांसद ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का सबसे बड़ा पर्व है, जिसमें श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता और सुरक्षा दोनों ही प्राथमिकता में हैं, ताकि श्रद्धालु उगते और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने में किसी बाधा का सामना न करें। सांसद जयसवाल ने जानकारी दी कि बरही विधायक मनोज यादव के सहयोग से पोकलेन मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे घाट की सफाई और जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। स्थानीय समिति भी पोकलेन और जेसीबी मशीनों से सफाई अभियान में सक्रिय है। छठ पूजा समिति ने सांसद को बताया कि बरहीडीह का यह घाट बरही क्षेत्र का सबसे प्राचीन छठ घाट है, जहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु परिवार सहित आस्था के साथ पूजा-अर्चना करने आते हैं। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, प्रदेश नेता रंजीत चंद्रवंशी, जिप प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष भगवान केशरी, राजसिंह चौहान, मुखिया शमशेर आलम, आकाश जायसवाल, मनोज साव, राजकुमार केशरी, कैलाशपति सिंह, राजवंशी सिंह, पिंटू ठाकुर, कृपाल राणा, भोली पासवान, लोकेश ठाकुर, प्रवीण सिंह, मुकेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।



