प्रभात वाणी।
बरही थाना क्षेत्र के बरसोत गांव स्थित पृथ्वी सागर छठ तालाब में सोमवार को नहाने के दौरान 14 वर्षीय खुशी कुमारी की डूबने से मौत हो गई। मृतका धर्मेंद्र रजवार की पुत्री थी।ग्रामीणों के अनुसार, खुशी अपनी चार बहनों और एक भाई के साथ कपड़ा धोने व नहाने के लिए तालाब गई थी। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में उसके भाई-बहन भी तालाब में उतर गए। उसी दौरान पास में मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने बच्चों को डूबते देखा और तुरंत साड़ी फेंककर कुछ बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक खुशी की जान नहीं बचाई जा सकी। ग्रामीणों ने बच्ची को निकालकर बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। पंचायत के मुखिया मोतीलाल चौधरी ने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है। मृतका खुशी अपने चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



