प्रभात वाणी।
बरही प्रखंड के विजैया पंचायत अंतर्गत गुडियो स्थित शिवांगी धाम क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय दिवा रात्रि क्रिकेट फाइनल मुकाबले गुडियो सर्किल प्रीमियर लीग (जीसीपीएल) का समापन शुक्रवार की रात रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल में लराही टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहीर क्लब टोइयो को 22 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है, यह न सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है।” उन्होंने ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि सरकार की कोशिश है कि गांवों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। विधायक ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई दी और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे टूर्नामेंट समाज में एकता और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। मैच समाप्ति के बाद विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, अल्पसंख्यक कल्याण महासमिति अध्यक्ष मो. कयूम अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि मंसूर अंसारी, पंसस रोहित यादव, पूर्व पंसस रघु मोदी, सुरेश यादव, सुनील राणा, भाजयुमो नेता इंदरदेव यादव, कुलदीप यादव, कैलाश यादव, महेंद्र मोदी, सचिन राणा (लीग अध्यक्ष), महेंद्र सिंह (सचिव), मदन यादव (उपाध्यक्ष), इंद्रदेव शर्मा, सौरव यादव (कोषाध्यक्ष), कुंदन राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद थे। पूरा मैदान उत्साह, जोश और तालियों से गूंज उठा।



