
कलश वितरण के दौरान धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसे हालात, एक दर्जन से अधिक महिलाओं के घायल होने की सूचना
आगर-मालवा। विधायक मधु गेहलोत के नेतृत्व में आयोजित 51 हजार कलश यात्रा से पहले पुरानी कृषि उपज मंडी में कलश वितरण के दौरान अव्यवस्था के हालात बन गए। बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ के बीच धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति सामने आई। इस दौरान एक दर्जन से अधिक महिलाओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आयोजन की व्यवस्थाओं और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कलश वितरण में देरी से बढ़ी नाराजगी
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के लाइव कार्यक्रम में करीब एक घंटे की देरी हुई, जिसके बाद कलश वितरण शुरू किया गया। वितरण शुरू होते ही बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं की भीड़ बेकाबू होती नजर आई। महिलाओं में कलश वितरण में देरी को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली।
अब सवाल यह है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास और कलश वितरण की व्यवस्था पहले से पर्याप्त क्यों नहीं की गई?
भीड़ में आभूषण चोरी की भी सूचना
इसी बीच भीड़ के दौरान महिलाओं के आभूषण चोरी होने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि चोरी की घटनाओं और संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आगर हाईवे पर तीन घंटे यातायात प्रभावित
51 हजार कलश यात्रा के चलते आगर हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बड़े आयोजन के बीच सामने आई अव्यवस्था ने आयोजन की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


