हत्यारे को फांसी व परिवार को समाज से बहिष्कृत करने की मांग — गौतम
प्रभात वाणी ।
बरही/पदमा। चंद रुपयों की लालच में पति मुकेश कुमार द्वारा पत्नी सेवंती कुमारी की सुनियोजित हत्या का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस जघन्य अपराध ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है।
सेवंती कुमारी की आत्मा की शांति, हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषियों को कड़ी सजा देने तथा आरोपी परिवार को समाज से बहिष्कृत करने की मांग को लेकर 17 अक्टूबर की शाम 5 बजे पदमा चौक के पास कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
आदर्श युवा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि क्षेत्र में दहेज प्रथा, जुआ और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों ने युवाओं को भटका दिया है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति बहाल करने के लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।
गौतम कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हत्या में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई तो हजारीबाग बंद का आह्वान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने जिला के सभी प्रखंडों के पुलिस पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में ड्रग्स, जुआ और शराब पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो हर प्रखंड में आंदोलन छेड़ा जाएगा।



