प्रभात वाणी ।
बरकट्ठा। प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में हुई सड़क निर्माण कार्य में विभागीय लापरवाही साफ झलक रही है। बरकट्ठा प्लस टू हाई स्कूल के बगल से सलैया पचपेड़ी होते हुए कोडरमा तिलैया मार्ग को जोड़ने वाली नई सड़क का निर्माण एवं कालीकरण तो पूरा कर दिया गया, पर सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली पोल जस का तस छोड़ दिया गया है।
हाईवे से जुड़ी यह सड़क अब लोगों की सुविधा के बजाय खतरा बनती जा रही है। बीच सड़क पर खड़ा यह पोल कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के ठीक बगल में एक खेल मैदान भी है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवक व बच्चे खेलते हैं। ऐसे में यह पोल सड़क पर चलने वालों और मैदान आने-जाने वालों दोनों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से जल्द इस पोल को हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। वहीं विभागीय चुप्पी से लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।



