प्रभात वाणी।
बरही। नवरात्र के समापन पर मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान भक्त भावुक हो उठे। विदाई की धुन बजते ही महिलाओं ने मां दुर्गा की आंचल भरी और सुहागन रस्म निभाते हुए विदाई दी। इस दौरान पूरे पंडाल में सन्नाटा पसर गया और श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। सभी ने अश्रुपूरित नयनों से प्रार्थना की “हे मां! अगले वर्ष फिर आना।” विदाई के बाद महिलाओं ने नाचते-गाते हुए सिंदूर खेला और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सदा सुहागन रहने का आशीर्वाद मांगा। देर शाम सभी पंडालो से शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। जिनमें महिलाओं, बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्त मंडलियां भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। शोभा यात्रा बरही शहर के चारों मार्गों का भ्रमण कर जवाहर घाटी पहुंचे,जहां विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर बरही प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। इस दौरान सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, गया रोड द्वारा महिला कांस्टेबल को सम्मानित भी किया गया। शोभा यात्रा में सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति गया रोड, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति धनबाद रोड, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, पटना रोड, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति हजारीबाग रोड के समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रहे।




