बोकारो (झारखंड): बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की सबसे कम उम्र की मुखिया सपना कुमारी के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। 2 अक्टूबर की दोपहर जब सपना कुमारी अपने घर से बाहर निकलीं, तो किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह उनका आखिरी बार देखा जाना होगा। इसके बाद से अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजन और स्थानीय लोग लगातार खोजबीन में जुटे हैं, लेकिन सभी प्रयास नाकाम साबित हो रहे हैं। मुखिया के पति आशीष कुमार ने इस घटना की सूचना गोमिया थाना को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
सपना कुमारी पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने पहली बार चुनाव जीतकर यह पद हासिल किया था। जनसेवा और सक्रियता के कारण वे इलाके में काफी लोकप्रिय थीं। ऐसे में उनका अचानक लापता होना न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए चौंकाने वाला और रहस्यमय बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार है जब किसी जनप्रतिनिधि के अचानक लापता होने की खबर सामने आई है। कुछ लोग इसे सियासी साजिश मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे किसी रहस्यमय कारण से जुड़ी घटना बता रहे हैं।
इस बीच पुलिस ने आसपास के गांवों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। गोमिया थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर दिशा में जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा।



