प्रभात वाणी।
बरही प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में मुख्यमंत्री सामर्थ्य योजना, पेंशन योजना, मातृत्व योजना आदि सरकारी योजनाओं के नाम पर कुछ लोगों द्वारा लाभुकों से मोबाइल पर ओटीपी मांगने और एप डाउनलोड करवाने की शिकायतें सामने आई हैं। इस संबंध में बीडीओ जयपाल महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि किसी भी सरकारी योजना की स्वीकृति या सत्यापन के लिए प्रखंड स्तर से किसी कर्मचारी द्वारा मोबाइल ओटीपी नहीं मांगा जाता है। साथ ही किसी नए एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने के लिए भी किसी प्रकार का निर्देश नहीं दिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को प्रखंड कार्यालय या सरकारी कर्मचारी बताकर इस प्रकार की मांग करता है, तो यह पूर्णतः फर्जीवाड़ा है।बीडीओ ने सभी लाभुकों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को मोबाइल ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करें। यदि इस तरह की कोई घटना घटती है तो तुरंत प्रखंड या थाना स्तर पर इसकी सूचना दें ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।



