करियातपुर जमुनिया आहर गांव की घटना, पुलिस जांच में जुटी
बरही (प्रभात वाणी)। बरही थाना क्षेत्र के करियातपुर जमुनिया आहर गांव में छठ पर्व की रात एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान रमेश भुइयां (पिता ईश्वर भुइयां) के रूप में हुई है। वह अपने घर के खंभे से फंदे में लटका पाया गया।जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी रिंकी देवी छठ का प्रसाद बनाने के लिए पड़ोसी पवन कुमार के घर गई थीं। लौटने पर उन्होंने पति को फंदे से लटका देखा और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना बरही थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के दौरान स्थानीय प्रतिनिधि और भीम आर्मी के सदस्य मौजूद रहे। पूर्व मुखिया प्रतिनिधि विनोद रविदास ने बताया कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन नाबालिग बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी कई निजी बैंकों से लोन लेने के कारण मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसके अलावा वह अपने एंड्रॉयड मोबाइल पर लंबे समय तक किसी से बात करती थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। उन्होंने आशंका जताया कि मोबाइल की जांच से पुलिस को घटना के कुछ सुराग मिल सकते हैं। बताया गया कि पुलिस ने मोबाइल को जप्त कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।



