बरही थाना: क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को हुए तेज बारिश और वज्रपात ने दो अलग-अलग परिवारों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर जहां वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना से त्यौहार के मौके पर गांव में शोक की लहर फैल गई। धनवार पंचायत निवासी जमीला खातून (उम्र 45 वर्ष), पति मो. कुदुस, मंगलवार को तेज बारिश के दौरान बकरी लाने घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान अचानक गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि घटना इतनी तेज थी कि जमीला खातून को संभालने का कोई मौका ही नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओ स्थानीय मुखिया राजेंद्र प्रसाद, उपमुखिया दामोदर प्रसाद वर्मा, प्रकाश साव, ब्रह्मदेव यादव, मो. कलीम, मो. सबदर अली, मो. हसमत, मो मंज़ूर आदि ने मृतका के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। ग्रामीणों ने सरकार एवं प्रशासन से मृतक के परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसी वज्रपात की दूसरी चपेट में बभनाडीह गांव की 14 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी, पिता राजू यादव भी आ गईं। बिजली गिरने के प्रभाव से लक्ष्मी अचानक बेहोश हो गईं। परिजनों ने तुरंत उसे बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरही महिला थाना प्रभारी किरण कच्छप अस्पताल पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी ली और कानूनी प्रक्रिया को भी पूरा किया। मौके पर करियातपुर के मुखिया मनोज कुमार, सिकंदर कुमार सहित कई समाजसेवी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया।



