धीरप हाडा, आगर-मालवा। जिले के शिक्षा विभाग से जुड़े जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में मंगलवार को निलंबित शिक्षक कैलाश मालवीय और कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी अक्षय दोहरे के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं। विवाद के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे और अलग-अलग आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
क्या है मामला? बताया जा रहा है कि जिला शिक्षा अधिकारी के साथ कथित दुर्व्यवहार और संबंधित वीडियो वायरल किए जाने के मामले में शिक्षक कैलाश मालवीय निलंबित चल रहे हैं। मंगलवार को वे किसी निजी कार्य से DEO कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी अक्षय दोहरे से उनका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंचने के आरोप लगाए गए हैं।

कर्मचारी अक्षय दोहरे का आरोप
अक्षय दोहरे ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि कैलाश मालवीय उनके कक्ष में पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। उनके अनुसार विवाद के दौरान कार्यालय में रखी फाइलें बिखर गईं और कंप्यूटर में भी तोड़फोड़ की गई। अक्षय का कहना है कि स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
निलंबित शिक्षक कैलाश मालवीय का पक्ष
वहीं कैलाश मालवीय ने अक्षय दोहरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे अपने निजी कार्य से DEO कार्यालय गए थे, जहां अक्षय दोहरे ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे में बंद कर दिया। मालवीय के अनुसार उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उनके ऊपर कंप्यूटर भी फेंका गया।
कैलाश मालवीय ने यह भी आरोप लगाया कि घटनाक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे मौके पर मौजूद थे और उन्होंने विवाद को देखा। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट व तोड़फोड़ के लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
कार्यालयीन अनुशासन पर उठे सवाल
DEO कार्यालय में सामने आए इस विवाद ने शिक्षा विभाग के कार्यालयीन अनुशासन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस विभाग से जिले के स्कूलों में अनुशासन और नियमों के पालन की जिम्मेदारी जुड़ी है, उसी के कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारी और निलंबित शिक्षक के बीच विवाद का सामने आना चर्चा का विषय बना हुआ है।


