सूर्य मंदिर कमिटी अध्यक्ष राजसिंह चौहान और मुखिया शमशेर आलम के नेतृत्व में युवाओं ने की प्राचीन सूर्य घाट की भव्य तैयारी
बरही (प्रभात वाणी)। सूर्य उपासना और आस्था का प्रतीक चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बरही के सभी छठ घाटों की तैयारी पूरी हो चुकी है। दूसरे दिन रविवार संध्या निर्जला व्रत रखी छठ वर्ती खड़ना प्रसाद ग्रहण करने के बाद आज संध्या सूर्यास्त का पहला अर्घ्य देगी। बता दें कि बरहीडीह सूर्य मंदिर कमिटी के युवाओं का अथक प्रयास से बरही का प्राचीन सूर्य मंदिर छठ घाट सज- धज कर तैयार है। कमिटी के लोगों ने घाट का विहंगम और अलौकिक स्वरूप देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ा है। यहां तक कि छठव्रतियों की सुविधा के लिए पूजा के दौरान सामूहिक अर्घ्य देने के लिए एक साथ मंत्रोच्चारण की सुविधा के लिए लाउडस्पीकर भी लगाए गए हैं। इससे श्रद्धालु एक साथ पूजा-अर्चना कर सकेंगे। बरही पश्चिमी पंचायत के मुखिया शमशेर आलम ने कहा कि घाट की सफाई और सजावट में सूर्य मंदिर कमिटी का योगदान सराहनीय है। उन्होंने बताया कि छठव्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सूर्य मंदिर कमिटी के अध्यक्ष राज सिंह चौहान ने बताया कि छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट की रोशनी, सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ एक पूजा स्थल नहीं, बल्कि आस्था और एकता का प्रतीक है, जिसे पूरे बरहीवासियों ने मिलकर सजाया है। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। छठ घाट पर बच्चों को द्वारा अनावश्यक रूप से आतिशबाजी नहीं करने की अपील की है।



