प्रभात वाणी।
बरही। कोनरा पंचायत अंतर्गत श्री परिवार होटल के सामने एनएच 2 सड़क किनारे दवाओं के अपशिष्ट फेंके जाने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे बिखरी वायल, सीरिंज, इंजेक्शन शीशियां और अन्य मेडिकल कचरे को देखकर राहगीर भी हैरान हैं। यह दृश्य न केवल पर्यावरण प्रदूषण का कारण बन रहा है, बल्कि आसपास के लोगों और पशुओं के लिए भी गंभीर स्वास्थ्य खतरा पैदा कर रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि किसी निजी क्लिनिक या मेडिकल दुकान से इस तरह का बायो मेडिकल वेस्ट फेंका गया हो सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह खुले में दवा अपशिष्ट डालना लापरवाही का गंभीर उदाहरण है। कोनरा के समाजसेवी रिजवान अंसारी ने कहा, “अगर कोई बच्चा या जानवर इन सीरिंज या शीशियों के संपर्क में आ जाए, तो गंभीर संक्रमण हो सकता है। प्रशासन को तुरंत जांच करनी चाहिए।इधर, इस मामले पर बरही अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारी डॉ प्रकाश ज्ञानी का कहना है कि बायो मेडिकल वेस्ट का खुले में निपटान करना दंडनीय अपराध है। जल्द ही जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



