कोडरमा स्टेशन से जुड़ने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की लगाई गुहार
प्रभात वाणी।
बरही प्रखंड के सुदूरवर्ती कोल्हुआकला पंचायत स्थित बराकर नदी के ततैया घाट पर चार वर्ष पूर्व लाखों रुपये की लागत से पुल का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन आज तक उस पर वाहनों का आवागमन शुरू नहीं हो सका। पुल से जुड़ा करीब 500 मीटर लंबा कच्चा मार्ग कीचड़ और गड्ढों में तब्दील है, जिसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह मार्ग कोल्हुआकला, डपोक, गुड़ियों,भंडारो पंचायत के करीब 20 हजार लोगों को जोड़ता है। बेला गांव के समाजसेवी महेंद्र राम ने बताया कि रास्ते की स्थिति इतनी खराब है कि “वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार बाइक और साइकिल सवार गिरकर घायल हो चुके हैं।”वहीं समाजसेवी अशोक दास ने कहा कि यह पुल कोडरमा स्टेशन से आने-जाने वाले ग्रामीणों के लिए राहत साबित होना था, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण लोग अब भी लंबा चक्कर लगाने को मजबूर हैं,जिससे समय और खर्च भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि बरसात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। यदि जल्द सुधार कार्य नहीं हुआ तो यह पुल “जनता की सुविधा” के बजाय “निष्क्रिय ढांचा” बनकर रह जाएगा।



