बरही (प्रभात वाणी)। संपूर्ण बरही प्रखंड में विजयादशमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। संध्या समय रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन कर अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश दिया गया। मुख्य आयोजन सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति धनबाद रोड, बरही द्वारा प्रखंड मुख्यालय मैदान और सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति करियातपुर द्वारा दुर्गा मंदिर के समीप मैदान में किया गया। बरही प्रखंड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक मनोज कुमार यादव ने रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों को क्रमशः अग्नि तिल्ली से प्रज्वलित किया। इस दौरान “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। वहीं सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, करियातपुर अध्यक्ष बिरजू शर्मा के हाथों रावण की पुतला फूंका गया। रावण दहन से पूर्व आतिशबाजी ने उत्सव का रंग और बढ़ा दिया। हालांकि, पुतला दहन के समय हल्की बारिश की फुहारों से लोगों में थोड़ी निराशा झलकी, लेकिन शीघ्र ही मौसम साफ हो गया और मैदान में अपार जनसमूह उमड़ पड़ा। अनुमानित 20 हजार की भीड़ प्रखंड मैदान और करीब 10 हजार की भीड़ करियातपुर और विजैया मैदान में उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र खचाखच भर गया। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। पूजा समिति, शांति समिति और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। विधायक मनोज कुमार यादव ने पूजा समिति को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि “विजयादशमी हमें बाहरी ही नहीं, अपितु अंदर की बुराइयों को भी समाप्त करने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में बरही डीएसपी अजीत कुमार विमल, प्रशिक्षु डीएसपी प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी विनोद कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर, प्रमुख मनोज रजक, पूजा समिति अध्यक्ष अमित केशरी, अर्जन साव, छोटन ठाकुर और विहिप जिला सह मंत्री गुरुदेव गुप्ता,अमित साहू, विनय साहू, व बिजैया में अल्पसंख्यक समिति के अध्यक्ष मो. कैयूम, उप प्रमुख देवलाल कुशवाहा, पूर्व मुखिया दशरथ यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




