धीरप हाडा,आगर मालवा। जिला मुख्यालय पर सट्टा कारोबार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए तीन कथित सटोरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसडीओपी नीलम बघेल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र के तलाई इलाके में दबिश देकर तीन लोगों को कथित रूप से सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से सुबह से शाम तक सट्टे की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं।
सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
स्थानीय स्तर पर सट्टे के कारोबार को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई थी। सट्टे की वजह से कई परिवारों के आर्थिक संकट में आने की बात भी सामने आती रही है। ऐसे में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई के बाद सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
बस स्टैंड पर आरोपियों का निकला जुलूस
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा उन्हें बस स्टैंड क्षेत्र में ले जाया गया। इस दौरान आरोपियों के कथित तौर पर “सट्टा लिखना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” कहते हुए नजर आने की बात सामने आई। मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना रहा।
अब दूसरे इलाकों पर भी नजर
बस स्टैंड क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद अब लोगों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर है। शहर के भोला की बावड़ी, छावनी, घाटी नीचे, झंडा चौक सहित अन्य इलाकों में भी सट्टा गतिविधियों की शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई की मांग उठ रही है।
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस की कार्रवाई केवल बस स्टैंड क्षेत्र तक सीमित रहेगी या शहर के अन्य कथित सट्टा ठिकानों पर भी इसी तरह कार्रवाई का सिलसिला आगे बढ़ेगा?


