हाइलाइट्स
- सुसनेर में मंदिर की जमीन विवाद हिंसक हुआ
- 20 वर्षीय विजय पर पिस्टल से फायरिंग
- गोली पैर में लगी, आर-पार निकल गई
- प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उज्जैन रेफर
- पुलिस मामले की जांच में जुटी
Susner temple controversy : आगर मालवा। जिले के सुसनेर क्षेत्र में देवनारायण मंदिर की जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार देर शाम हिंसक रूप ले बैठा। जमीन पर कब्जे को लेकर आमने-सामने आए दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवनारायण मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई महीनों से रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि एक पक्ष मंदिर की जमीन को कब्जामुक्त कर वहां निर्माण कार्य कराना चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष जमीन पर अपना दावा जता रहा है। इसी विवाद को लेकर मंगलवार देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
युवक को मारी गोली
घायल युवक की पहचान विजय पिता रामसिंह (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जमीन विवाद के सिलसिले में मौके पर मौजूद था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी और आर-पार निकल गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे सुसनेर के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे उज्जैन भेज दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
सुसनेर अस्पताल से घटना की तहरीर संबंधित थाने भेज दी गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन जमीन विवाद को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


