मुखिया राजेन्द्र प्रसाद बोले, छठ घाट की स्वच्छता हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक
बरही (प्रभात वाणी)। धनवार पंचायत अंतर्गत कोरियाडीह छठ घाट पर आगामी छठ पर्व की तैयारी को लेकर शनिवार को युवाओं ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। युवाओं ने स्वयं के खर्चे पर जेसीबी मशीन की व्यवस्था कर घाट की सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य को तेज़ी से पूरा किया। घाट के चारों ओर जमा कचरा, झाड़-झंखाड़ और मिट्टी हटाकर स्नान एवं अर्घ्य के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि छठ पर्व के दौरान यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए इस बार युवाओं ने पहल कर घाट को समय से पहले साफ-सुथरा बनाने की जिम्मेदारी उठाई है। इस सामूहिक प्रयास से पूरे गांव में उत्साह और गर्व का माहौल है। पंचायत के मुखिया राजेन्द्र प्रसाद ने युवाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि “छठ घाट की स्वच्छता हमारी आस्था और लोक संस्कृति का प्रतीक है। युवाओं का यह सामूहिक श्रमदान समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। सफाई अभियान में उपमुखिया दामोदर प्रसाद वर्मा, राजेश प्रसाद, अजीत प्रसाद, महेन्द्र प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, मोहन कुमार, मनोज प्रसाद, विकास कुमार, प्रदीप प्रसाद, सुरेश भुइयां, जय कुमार, लक्ष्मण कुमार, अरविंद कुमार, कुलदीप कुमार, अनिल कुमार, बब्लू प्रसाद समेत अनेक ग्रामीण सक्रिय रूप से शामिल रहे।



