प्रभात वाणी ।
छठव्रतियों को सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराने का दिया निर्देश, स्वच्छता व सुरक्षा पर विशेष जोर
बरही (प्रभात वाणी)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बरही क्षेत्र में तैयारियाँ जोरों पर हैं। शनिवार को विधायक मनोज कुमार यादव ने बरहीडीह प्राचीन छठ घाट और सूर्य मंदिर छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विधायक ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए समिति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठव्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि छठ पर्व श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए घाटों की स्वच्छता, पानी की उपलब्धता और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। विधायक ने स्थानीय युवाओं से भी प्रशासन और समिति की मदद करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सद्भावना विकास मंच अध्यक्ष राजसिंह चौहान, मुखिया समशेर आलम, राजकुमार केशरी, राजकुमार यादव, अमित गौरव उर्फ पमपम, टिंकू आलम, विक्की सिंह, मुकेश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





